
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान संपन्न होने के बाद अब चुनाव परिणाम का इंतजार है, लेकिन इससे पहले ही महागठबंधन के भीतर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर कई गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की गठबंधन में अब कोई दिलचस्पी नहीं रह गई है और वे गठबंधन को संभालने में भी नाकाम रहे। उन्होंने यहां तक भी आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव के फैसलों और अंदरूनी राजनीतिक साठगांठ की वजह से ही चुनाव में गठबंधन को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने राजद के मुख्य कोर वोटर आधार पर सवाल उठाते हुए कहा कि तेजस्वी यादव अब अपना पारंपरिक माई (मुस्लिम और यादव) समीकरण बचाने में भी पूरी तरह सक्षम नहीं हैं. बांकीपुर चुनाव का उदाहरण देते हुए असित नाथ तिवारी ने कहा कि इस क्षेत्र में यादव और मुसलमान वोटर्स पूरी तरह बिखर गए. उन्होंने साफ किया कि फखऊ के पारंपरिक वोट बैंक में बड़ी सेंध लग चुकी है और नेतृत्व इसे रोकने में पूरी तरह फेल साबित हुआ है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने इससे भी गंभीर आरोप तेजस्वी यादव की मंशा पर लगाया गया है। असित नाथ ने कहा कि राजनीतिक गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा है कि तेजस्वी यादव की भारतीय जनता पार्टी के साथ कोई अंदरूनी डील हो चुकी है और इसी वजह से वे गठबंधन के सहयोगियों को तवज्जो नहीं दे रहे हैं. कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव ने बांकीपुर चुनाव के दौरान गठबंधन की ताकत और सहयोगियों का सही इस्तेमाल ही नहीं किया।
