हजारीबाग । अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150.9 टन अवैध कोयला जब्त किया । बड़कागांव के 13 माइल चौक पर चलाए गए विशेष अभियान में चार ट्रक और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। चार लोगों को गिरफ्तार कर बड़कागांव थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि जांच से बचने के लिए भागे दो ट्रकों को पीछा कर लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया।

गृह मंत्रालय के निर्देश तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत सीआईएसएफ इकाई, एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग कमांडेंट विवेक शर्मा के निर्देशन में नौ जुलाई की रात विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 13 माइल चौक पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की गई।

इस दौरान अवैध कोयला लदे दो ट्रकों को चालकों सहित पकड़ा गया। वहीं दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर लगभग 450 किलोग्राम अवैध कोयला ले जा रहे दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।

इसी दौरान ट्रक संख्या जेएच 05 DS 6488 एवं जेएच 02 BB 7975 नाका तोड़कर तेज रफ्तार से भाग निकले। सीआईएसएफ जवानों ने दोनों ट्रकों का पीछा किया। करीब सात किलोमीटर आगे दोनों ट्रक लावारिस हालत में बरामद हुए, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव पुलिस कार्रवाई में लगी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version