पटना।हाजीपुर स्थित एनएच-22 के किनारे हाजीपुर के पहलेजा से मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर के बीच सुल्तानगंज से बैद्यनाथ धाम की तर्ज पर छह मीटर चौड़ा कांवड़िया पथ बनेगा। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने गुरुवार को इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा। सावन में शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पहलेजा से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक कांवड़िया पथ की साफ-सफाई एवं वर्तमान व्यवस्थाओं का पथ निर्माण विभाग तथा एनएचएआई के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, आवागमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैद्यनाथ धाम जाने के लिए बने कांवड़िया पथ की तरह पहलेजा से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक लगभग 50 किलोमीटर लंबा एवं 6 मीटर चौड़ा स्थायी कच्चा कांवड़िया पथ एनएचएआई की भूमि पर विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कागजी एवं विभागीय प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में शिवभक्तों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक कांवड़ यात्रा का लाभ मिल सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version