
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। पार्टी ने दिल्ली में लगातार चौथी बार सरकार बनाई है। आतिशी के साथ मंत्रिमंडल में मुकेश अहलावत, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन ने भी शपथ ली, जो नई सरकार में अहम भूमिकाएं निभाएंगे। आतिशी, जो अरविंद केजरीवाल सरकार में शिक्षा, वित्त, राजस्व, पीडब्ल्यूडी, बिजली समेत 13 विभागों का कार्यभार संभाल रही थीं, अब मुख्यमंत्री के रूप में दिल्ली की जनता की सेवा करेंगी। उनकी प्रशासनिक क्षमता और नीतिगत निर्णयों की सराहना पहले से ही की जाती रही है। अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते समय कहा था कि वे जनता से ईमानदारी का प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही इस पद पर वापस आएंगे। दिल्ली में कुछ ही माह में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
दिल्ली की तीसरी महिला सीएम : आतिशी मार्लेना ने अपना राजनीतिक करियर बहुत तेजी से तय किया। दिल्ली सरकार में सबसे अधिक मंत्रालयों का कार्यभार संभालने वाली 43 वर्षीय आतिशी ने सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद राष्ट्रीय राजधानी की मुख्यमंत्री बनने वाली तीसरी महिला होने का गौरव भी हासिल कर लिया है।
पूर्वांचल की बहू हैं आतिशी : आतिशी का बनारस और पूर्वांचल से गहरा नाता है। वह काशी की बहू हैं। मूलरूप से मिजार्पुर के मझवां ब्लॉक के अनंतपुर गांव के रहने वाले उनके पति का पूरा परिवार लंबे समय से वाराणसी के लंका क्षेत्र में निवास करता है।
आतिशी और प्रवीण की शादी 2006 में बनारस में धूमधाम से हुई थी। दिल्ली की सक्रिय राजनीति में आने से पूर्व तक काशी उनका स्थायी ठिकाना हुआ करता था। प्रवीण बनारस के पढ़े-लिखे, बौद्धिक और प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते हैं। आतिशी की ससुराल बेहद शिक्षित परिवार के रूप में जानी जाती है। आतिशी के ससुर बीएचयू के पूर्व कुलपति रह चुके हैं।
आईआईटी और आईआईएम हैं पति : आईआईटी और आईआईएम जैसे उच्च शिक्षण संस्थानों से शिक्षा हासिल करने के बाद समाज कार्य में जुटे आतिशी के पति प्रवीण ने खुद को पूरी तरह इसी में समर्पित कर दिया है। आतिशी की बात करें तो पिछले दो सालों में तो आतिशी आप का सबसे विश्वसनीय चेहरा बनकर उभरी हैं।
पति प्रवीण से कैसे हुई मुलाकात: आतिशी और प्रवीण की मुलाकात भी समाज सेवा के काम के दौरान ही हुई थी। गांवों के विकास के लिए मिलकर काम करने की वैचारिक समानता के कारण दोनों करीब आए। आतिशी सेंट स्टीफेंस कॉलेज से पढ़ीं, फिर आॅक्सफोर्ड गईं। सामाजिक कार्यों के दौरान प्रवीण से उनकी मुलाकात हुई और कुछ समय बाद दोनों ने शादी कर ली।
