
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को विस्तारित कर दिया है। बिहार शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालय अध्यापकों के कुल 33 हजार 320 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए यह भर्ती प्रक्रिया चल रही है। संशोधित तिथि के अनुसार अब अभ्यर्थी दो नवंबर तक शुल्क का भुगतान कर सकते हैं, जबकि ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि तीन नवंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 26 अक्टूबर ही थी।
आवेदन की तिथि में परिवर्तन एसएलपी (सिविल) डायरी नंबर 28464/2025 (रमन कुमार मंडल एवं अन्य बनाम बिहार राज्य एवं अन्य) में 1 अगस्त 2025 को पारित आदेश के आलोक में किया गया है। इसके साथ ही, आयोग ने उक्त एसएलपी से संबंधित वादियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किया है। 1 अगस्त 2025 के आदेश से संबंधित सभी वादियों को सूचित किया गया है कि वे अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि से संबंधित साक्ष्य, आधार संख्या और मोबाइल नंबर 29 अक्टूबर 2026 तक पटना स्थित आयोग के कार्यालय में अनिवार्य रूप से समर्पित करें।
आवेदन से वंचित अभ्यर्थियों को मिला मौका : शिक्षक बनने के इच्छुक जो अभ्यर्थी किन्हीं कारणों से अब तक आवेदन या शुल्क भुगतान नहीं कर पाए थे, उनके लिए यह एक राहत की खबर है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।
