गयाजी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बोधगया स्थित वेलकम होटल बाय आईटीसी में बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड (बीआईएमसीजीएल) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार अब औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राज्य में निवेश आकर्षित करने, आधारभूत संरचना मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब देश-दुनिया के लोगों को बिहार के प्रति अपनी सोच बदलने की जरूरत है। राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य औद्योगिक संभावनाओं को वास्तविक निवेश में बदलना और युवाओं को अपने प्रदेश में ही सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी, गयाजी को अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (एकेआईसी) के अंतर्गत लगभग 1,670 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में करीब 16,500 करोड़ रुपये के निवेश की क्षमता है। इसके माध्यम से लगभग एक लाख 10 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।उन्होंने कहा कि यह परियोजना बिहार के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। राज्य में उद्योगों और आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए लगभग 13,500 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जिसे जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर आधुनिक औद्योगिक सुविधाओं का विकास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में देश का सबसे बड़ा बेवरेज बॉटलिंग प्लांट स्थापित हुआ है और स्टील प्लांट की स्थापना भी की जा रही है। ये परियोजनाएं राज्य में औद्योगिक निवेश की बढ़ती संभावनाओं को दशार्ती हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version