
हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को जिला हमीरपुर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकतार्ओं ने भाग लिया। हमीरपुर के गांधी चौक और समीरपुर में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अनुराग सिंह ठाकुर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और विधायक आशीष शर्मा सहित पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, डॉ. अनिल धीमान, कमलेश कुमारी और राजीव सहजल समेत अनेक भाजपा नेता गांधी चौक हमीरपुर और समीरपुर पहुंचे। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी अनुराग सिंह ठाकुर से मिलकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
गांधी चौक हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली 30 महिला खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के महत्व को रेखांकित किया गया।
गांधी चौक पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया। अनुराग सिंह ठाकुर ने हवन में पूर्णाहुति डालकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। इसके पश्चात उन्होंने कन्या पूजन किया, और सभी नौ कन्याओं को स्कूल बैग के साथ शिक्षा और खाद्य सामग्री भेंट की। कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकतार्ओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
सुजानपुर स्थित अनाथ आश्रम के सभी 12 बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। जिला भाजपा की ओर से इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की अगुवाई में अनुराग सिंह ठाकुर को तलवार, शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
जन्मदिन के अवसर पर समीरपुर रेस्ट हाउस में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 52 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
