
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम हमले में संलिप्त हर आतंकवादी को ढूंढ़ने का संकल्प जताया और कहा कि उन सभी को इस जघन्य कृत्य के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा। शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार किसी भी आतंकवादी को नहीं बख्शेगी। उन्होंने कहा कि हमला करने वाले आतंकी नहीं बचेंगे। आतंकवाद के खात्मे तक ये लड़ाई जारी रहेगी। आतंकवाद को जड़ से नाश करेंगे।
उन्होंने यहां असम के बोडो समुदाय के प्रमुख नेता उपेंद्र नाथ ब्रह्मा की प्रतिमा का अनावरण और एक सड़क के नामकरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। गृह मंत्री ने कहा कि पहलगाम में जिस किसी ने भी यह कायरतापूर्ण हमला किया है, हम किसी को भी नहीं छोड़ेंगे। हम हर दोषी को ढूंढ निकालेंगे। मोदी सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चल रही है। अगर कुछ लोग सोचते हैं कि इस तरह का कायराना हमला करके वे बच जाएंगे, तो वो गलत हैं।
आतंकवाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि यह खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता। यह मत सोचो कि 26 लोगों को मारकर तुम जीत गए हो। तुम में से हर किसी को जवाबदेह ठहराया जाएगा। असम के सीएम हिमंत विश्व शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोरो सहित अन्य लोग शामिल हुए।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
