
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में पिछले 25 दिनों से जारी सैन्य संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर विस्तृत चर्चा की और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बहाल करने के प्रयासों को लेकर संपर्क में बने रहने पर सहमति जताई।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें फोन कर पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर बातचीत की। भारत क्षेत्र में तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाली का समर्थन करता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ रहना वैश्विक हित में आवश्यक है।
मोदी और ट्रंप ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाली के प्रयासों को लेकर संपर्क में बने रहने पर भी सहमति जताई। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर इसका असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
इसके पहले नई दिल्ली में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्रंप और मोदी की बातचीत की जानकारी एक्स पर साझा की। गोर ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर चर्चा हुई। खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

