
नई दिल्ली। अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एंडी जेसी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत में वर्ष 2030 तक 48 अरब डॉलर (लगभग 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक) के निवेश की घोषणा की। कंपनी का कहना है कि यह निवेश ई-कॉमर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के विस्तार पर किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि इस निवेश में अतिरिक्त 13 अरब डॉलर एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए होंगे। इसके साथ ही 2026-2030 के दौरान भारत में एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर अमेजन का कुल निवेश 21 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा। इस तरह से वर्ष 2010 से 2030 तक भारत में उसका कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा?
कंपनी का दावा है कि वह भारत में सबसे बड़े विदेशी निवेशक, सबसे बड़े ई-कॉमर्स निर्यातक और प्रमुख रोजगार सृजक के तौर पर अपनी सेवा दे रही है। वर्ष 2030 तक कंपनी 38 लाख लोगों को रोजगार देने में समर्थन करेगी। 1.5 करोड़ छोटे कारोबारियों तक एआई का लाभ पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही, 40 लाख सरकारी स्कूलों में छात्रों को एआई शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। अमेजन अपनी क्लाउड सेवाओं के तहत मुंबई और हैदराबाद में डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाएगा। इससे स्टार्टअप, कंपनियों और सरकारी संस्थानों को एआई चिप्स, क्लाउड सेवाएं और आधुनिक डेवलपर टूल्स उपलब्ध होंगे। इस साल भारत में 20 से अधिक नए फुलफिलमेंट सेंटर और 100 से ज्यादा नई लास्ट माइल डिलीवरी स्टेशन शुरू करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य खासकर टियर-3 और टियर-4 शहरों में तेज और भरोसेमंद डिलीवरी उपलब्ध कराना है।
