
रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई की जा रही है। इन जंगलों में जाने पर यह भी एहसास होता है कि आप देश के बॉर्डर इलाके में पहुंच गए हैं, जहां दो देशों के बीच युद्ध की तैयारी की गई है, लेकिन ये कोई बॉर्डर नहीं, बल्कि ये देश के अंदर पुलिस से लड़ाई लड़ रहे नक्सलियों के जंगली ठिकानों का दृश्य है। झारखंड के सारंडा के जंगलों में किस तरह से सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाया जाए और अपने को खुद कैसे सुरक्षित रखा जाए, ये तमाम इंतजाम नक्सलियों ने कर रखे हैं। जैसे-जैसे सुरक्षा बल जंगलों में प्रवेश कर रहे हैं, नक्सलियों की रहस्यमयी दुनिया भी सामने आ रही है।
झारखंड में कोल्हान को छोड़कर नक्सलियों के लगभग सभी सुरक्षित ठिकानों को सुरक्षाबलों ने तबाह कर दिया है, लेकिन सारंडा अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. सारंडा में नक्सली पुलिस को गहरे घाव भी दे रहे हैं. पिछले एक माह के दौरान सारंडा में दो जवान शहीद हो चुके हैं और 6 से अधिक घायल होने के कारण अस्पताल में इलाजरत हैं।
हालांकि सारंडा को लेकर पूर्व में कई तरह के दावे किए गए हैं, लेकिन हकीकत यह है कि जब तक जंगली इलाकों में नक्सलियों द्वारा बनाए गए बंकरों और जमीन के नीचे लगाए गए आईईडी के चक्रव्यूह को पूरी तरह से ध्वस्त नहीं कर दिया जाता, तब तक सुरक्षा बलों के लिए सारंडा पर कब्जा करना मुश्किल ही नहीं, बल्कि नामुमकिन है। सारंडा के घनघोर जंगलों में जब भी सुरक्षा बल आगे बढ़ रहे हैं, उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है. यह भी सच है कि इस दौरान 100 से अधिक बंकर, नक्सली ठिकाने और आईईडी नष्ट किए गए हैं, लेकिन इसमें भारी नुकसान भी हुआ है।
