नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध मंगलवार को और तीखा हो गया, जब ईरान के इस्फहान परमाणु केंद्र के करीब 900 किलो के बंकर बस्टर बम से हमला किया गया। इसमें भूमिगत हथियार डिपो को निशाना बनाया गया। हमले के बाद रात के अंधेरे में कई मीटर ऊंची आग की लपटें उठीं और क्षेत्र धुएं से भर गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले के वीडियो फुटेज भी जारी किए। जवाब में ईरान ने फारस की खाड़ी में तेल ले जा रहे कुवैती टैंकर ‘अल साल्मी’ को निशाना बनाया, जिसमें आग लग गई।

अधिकारियों के अनुसार टैंकर पर 12 लाख बैरल सऊदी और आठ लाख बैरल कुवैती कच्चा तेल था, हालांकि किसी बड़े रिसाव या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई। इस बीच, ट्रंप ने संकेत दिया है कि होर्मुज जलमार्ग पूरी तरह खुले बिना भी अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान समाप्त कर सकता है।

अराघची ने अमेरिको को लेकर कही ये बात
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा है कि वह चार से छह सप्ताह की तय समयसीमा में अभियान समेटने के पक्ष में हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि उन्हें अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकाफ की तरफ से सीधे संदेश मिल रहे हैं, लेकिन इन्हें औपचारिक वार्ता नहीं माना जा सकता।

अराघची ने बताया कि ये संदेश कभी मित्र देशों के माध्यम से चेतावनी के रूप में, तो कभी विचारों के आदान-प्रदान के रूप में पहुंचाए जा रहे हैं। नाटो देशों और ट्रंप के बीच एक बार फिर तनातनी बढ़ गई, जब स्पेन के बाद इटली और फ्रांस ने अमेरिका को ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अड्डे और हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल से मना कर दिया। नाटो देशों के रवैये से नाराज ट्रंप ने साफ कहा कि जिन्हें भी तेल की जरूरत है, वे हिम्मत दिखाएं और खुद होर्मुज जाकर तेल ले लें।

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान युद्ध में अगले कुछ दिन बेहद निर्णायक होनेवाले हैं। पाकिस्तान और चीन ने मिलकर ईरान युद्धविराम के लिए पांच सूत्रीय उपायों की घोषणा की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version