
नई दिल्ली। एनडीए के संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद मोदी वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी से भी उनके आवास पर मिले। मोदी, पार्टी के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से लिया आशीर्वाद । वहीं, एनडीए के बड़े नेता राष्ट्रपति भवन गए और सरकार गठन का दावा पेश कर दिया।
मुलाकात के दौरान आडवाणी की बेटी प्रतिभा भी वहां मौजूद रहीं। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे मोदी ने गुलदस्ता देकर उनका अभिवादन किया।
उल्लेखनीय है कि पिछली बार प्रधानमंत्री के तौर पर नेता चुने जाने के दौरान दोनों वरिष्ठ नेता, मोदी के साथ सभागार में मौजूद थे।
इससे पहले संसद भवन में एनडीए संसदीय की बैठक हुई। नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में बैठक आरंभ हुई। पहले राजनाथ सिंह ने संसदीय दल के नेता के लिए नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा। फिर अमित शाह और नितिन गडकरी के साथ ही नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू समेत तमाम बड़े नेताओं ने इसका समर्थन किया। प्रस्ताव पारित होते ही नरेंद्र मोदी संसदीय दल के नेता चुन लिए गए।
