मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान ‘जेन-जी’ को लेकर की गई अपनी पिछली टिप्पणी पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और उन्होंने पूरे देश के युवाओं या पूरी जेनरेशन को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की थी।

कंगना ने गुरुवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने एक कांग्रेस नेता के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उनके बयान को इस तरह पेश किया गया, जैसे उन्होंने पूरे देश के युवाओं को ‘गटर छाप’ कहा हो।

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में करीब 10 हजार लोग शामिल थे, जिनमें सभी उम्र के लोग मौजूद थे। कंगना के मुताबिक, इनमें जेन-जी के लोगों की संख्या करीब दो हजार रही होगी। ऐसे में इसे पूरे देश की जेन-जी का विरोध प्रदर्शन बताना सही नहीं है।

अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने केवल उस पीढ़ी के उन लोगों के व्यवहार पर टिप्पणी की थी, जो प्रदर्शन में मौजूद थे। उन्होंने कहा, “मैं युवाओं की विरोधी नहीं हो सकती, क्योंकि मैं खुद युवा हूं।” साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान को लेकर उनके खिलाफ बेवजह का एजेंडा चलाया जा रहा है।

कंगना ने चुनौती देते हुए कहा कि उनका ऐसा कोई बयान दिखाया जाए, जिसमें उन्होंने पूरी जेन-जी पीढ़ी को निशाना बनाया हो। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बयान को राजनीतिक रूप से गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

बता दें कि जुलाई 2026 के आखिर में जंतर-मंतर पर हुए जेन-जी के नेतृत्व वाले प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों को ‘जेनरेशन गटर’ कहा था। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के कथित व्यवहार और भाषा पर भी सवाल उठाए थे। उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में विवाद शुरू हो गया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version