
पटना। बिहार के सारण जिले में गुरुवार शाम बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने भाजपा नेता जितेंद्र कुमार सोनी के छोटे भाई बजरंग प्रसाद सोनी को गोली मार दी। घटना अमनौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में हुई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बजरंग को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, बजरंग प्रसाद सोनी अपनी दुकान बंद करने के बाद भतीजे शोभित राज के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे रसूलपुर मिडिल स्कूल के पास पहुंचते ही बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उनका पीछा किया और तीन राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में बजरंग की गर्दन और पीठ में गोली लगी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
गोलीबारी की सूचना मिलते ही मधौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास और अमनौर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ बजरंग के साथ मौजूद उनके भतीजे शोभित राज से भी पूछताछ की। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी है।
जमीन विवाद को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता जितेंद्र कुमार सोनी और उनके भाई बजरंग प्रसाद सोनी का परिवार के कुछ सदस्यों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर दिसंबर 2025 में दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प भी हुई थी। उस घटना में जितेंद्र और बजरंग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, उस मामले में आरोपी बनाए गए कुछ लोगों को गुरुवार की गोलीबारी से करीब 10 दिन पहले ही जमानत मिली थी। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पुराना जमीन विवाद हालिया गोलीकांड से जुड़ा है या नहीं।
सभी पहलुओं से जांच
मधौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास ने बताया कि पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

