
रांची। जवाहर विद्या मंदिर (JVM), श्यामली में विज्ञान प्रदर्शनी 2026 के अवसर पर JVM एलुमनी एसोसिएशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रशासन और बिरसा ब्लड बैंक, खूंटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस पहल का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरत के समय पूर्व छात्रों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद करना है।



शिविर की खास बात यह रही कि बिरसा ब्लड बैंक ने रक्तदान करने वाले एलुमनी सदस्यों के लिए ब्लड कार्ड जारी कर एसोसिएशन को सौंपे। इसके माध्यम से भविष्य में किसी पूर्व छात्र को रक्त की आवश्यकता होने पर सहायता उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी। इस दौरान रक्तदाताओं को पौधे, प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन की ओर से विद्यालय के प्राचार्य विभूति नाथ झा को पौधा भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। प्राचार्य ने एलुमनी एसोसिएशन की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में चंद्रकांत रायपत, गुरप्रीत सिंह, दीपिका, अंजना, अंशुमन, पल्लवी, अमित जैन, नूपुर जैन, शत्रुपा, बादल, बंटी, डॉ. मोती प्रसाद, श्रीराम सिंह, राहुल दयाल, प्रकाश कुमार, अभिषेक और सुष्मिता समेत अन्य पूर्व छात्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में बिरसा ब्लड बैंक और आकाश प्रिंटिंग प्रेस का भी सहयोग रहा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों को वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलने और अपने विद्यालय से दोबारा जुड़ने का अवसर मिला। एसोसिएशन ने भविष्य में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन सत्र, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों और वार्षिक एलुमनी मिलन समारोह आयोजित करने की योजना भी जताई।
एसोसिएशन का उद्देश्य पूर्व छात्रों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के साथ इसे समाजसेवा का माध्यम बनाना है, ताकि जरूरत के समय एक-दूसरे की सहायता की जा सके। रक्तदान शिविर को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

