
भुरकुंडा (रामगढ़)। सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडे के नेतृत्व में सौंदा डी पंचायत बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं ग्रामीणों की चिंताओं से उन्हें अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान की मांग करते हुए ग्रामीणों के हितों की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सौंदा डी पंचायत के ग्रामीणों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे तथा पंचायत के लोगों के साथ हमेशा खड़े रहेंगे। सांसद ने ग्रामीणों से आपसी एकता और संवाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या के प्रभावी समाधान के लिए सभी का एकजुट रहना आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सीसीएल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर पंचायत से जुड़े सभी मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की जाएगी और स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में सीसीएल कंपनी सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, सौंदा डी पंचायत के मुखिया उपेन्द्र शर्मा, पंचायत समिति प्रतिनिधि डब्लू पांडेय, यूनियन नेता सुशील सिंह तथा ग्रामीण प्रतिनिधि सुदर्शन प्रसाद शामिल थे। सांसद के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी है।
