
पटना। सारण से आरजेडी कैंडिडेट और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के साथ उनकी मां राबड़ी देवी का बॉडीगार्ड घूम रहा था। सारण एसपी गौरव मंगला की रिपोर्ट पर पटना एसपीी राजीव मिश्रा ने सस्पेंड कर दिया। पटना जिला बल के सिपाही 5811 जितेंद्र सिंह राबड़ी देवी के साथ अंगरक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त थे। उनको अनधिकृत रूप से सारण लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी रोहिणी आचार्य के साथ घूमने के लिए सारण एसपी से मिले रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।



बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया था कि लालू यादव और राबड़ी देवी की सिक्योरिटी में तैनात बॉडीगार्ड को लेकर रोहिणी आचार्य छपरा में घूम रही थीं। इस आरोप की सारण एसपी ने जांच कराई। इसके लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है। मामले की जांच के लिए गुरुवार को एक टीम राबड़ी आवास भी पहुंची थी। जांच में पाया गया कि राबड़ी की सिक्योरिटी में तैनात जितेंद्र सिंह छपरा में वोटिंग के लिए रोहिणी के साथ मौजूद थे। इसके बाद पटना एसएसपी ने जितेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया।
चुनाव आयोग से बीजेपी की शिकायत
वहीं, सारण लोकसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान मतदान केंद्र पर राजद नेता भोला यादव की उपस्थिति के मामले को लेकर भाजपा अब आक्रामक नजर आ रही है। भाजपा इस मामले को लेकर अब बिहार प्रदेश निर्वाचन आयोग पहुंच गई है। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग पहुंचकर चुनाव संहिता उल्लंघन को लेकर कारवाई करने की मांग की है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राजद अध्यक्ष लालू यादव के करीबी माने जाने वाले भोला यादव और छपरा के प्रशासनिक पदाधिकारी पर कारवाई करने की मांग की है। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा, संयोजक, चुनाव प्रबंधन विभाग राधिका रमन सहित कई लोग शामिल थे।
