
नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने शुक्रवार दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी।सभी मंत्रियों को बैठक के बारे में सूचना भेजी गई है, ताकि वे इसमें उपस्थित रहें। इस बैठक में सरकार पिछले परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक में कुछ संशोधन कर सकती है। इस विधेयक के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रविधान है।



प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों से कहा था कि सरकार जल्द ही संसद का सत्र बुला सकती है। लिहाजा उन्होंने मंत्रियों से अगले कुछ दिनों तक उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर की अपनी यात्राएं टालने को कहा था।सरकार बीते अप्रैल महीने में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लेकर आई थी, लेकिन वह दो तिहाई सांसदों का समर्थन नहीं जुटा पाई। विधेयक के पक्ष में 298 मत पड़े तो विरोध में 234। सरकार दो तिहाई बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई। हालांकि, बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट के बाद उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में अब भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं।
सरकारी सूत्रों का दावा है कि जरूरी दो तिहाई बहुमत से ज्यादा लगभग 375 का नंबर पूरा हो गया है। जाहिर है कि इसमें द्रमुक जैसे कुछ दलों का जहां खुला समर्थन होगा, वहीं विपक्ष के कई दलों की संख्या सदन से गैर मौजूद रह सकती है। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की ओर से पहले ही कहा गया है कि यदि लिखित रूप में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की बात कही जाती है तो वह फिर से विचार करेगा।
संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने एक्स पर पोस्ट कर की। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से अनुरोध किया है कि वे क्रमशः सोमवार 30 नवंबर को लोकसभा और बुधवार दो दिसंबर को राज्यसभा की बैठकें फिर से बुलाएं, ताकि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाया जा सके। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। मानसून सत्र के 13 अगस्त को समाप्त होने के बाद सरकार ने सत्रावसान नहीं किया था, इसलिए तीन दिन की अग्रिम सूचना पर संसद की यह विशेष बैठक बुलाई जा रही है जो पिछले सत्र का ही विस्तार होगा।
सरकार के तीन दिसंबर को सत्र खत्म करने के एलान से यह भी साफ है कि अभी शीत सत्र बुलाने की कोई योजना नहीं है। सत्र बुलाने की सरकार की घोषणा से साफ है कि सत्तापक्ष 30 नवंबर को परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन बिल और महिला आरक्षण कानून के कार्यान्वयन से संबंधित प्रस्ताव को एक साथ लोकसभा में लेकर आएगा। इस पर दो दिन की चर्चा और वोटिंग के बाद इसे दो दिसंबर को ही या जरूरत पड़ने पर तीन दिसंबर को वोटिंग कराई जाएगी। राज्यसभा में सरकार के पास नंबर की चिंता नहीं है। सरकार बीते अप्रैल महीने में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लेकर आई थी, लेकिन वह दो तिहाई सांसदों का समर्थन नहीं जुटा पाई। विधेयक के पक्ष में 298 मत पड़े तो विरोध में 234। सरकार दो तिहाई बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई। हालांकि, बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट के बाद उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में अब भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं। इसी दरम्यान शिवसेना यूबीटी में भी तोड़फोड़ हुई और उसके छह लोकसभा सदस्य भाजपा के सहयोगी एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो चुके हैं। इस तरह भाजपा-राजग के पास इस समय घोषित रूप से 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है और दो तिहाई आंकड़े के लिए करीब 360 सदस्यों की जरूरत है।

