
रांची: जनजातीय महिलाओं और बेटियों के साथ हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने मंगलवार को रांची स्थित लोकभवन के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग उठाई। विधायक पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप है।




प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर जनजाति विरोधी होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना था कि राज्य में जनजातीय महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों को संरक्षण दे रही है।
धरना-प्रदर्शन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर, गंगोत्री कुजूर, अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता पिंकी खोया, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
राज्यपाल से मिलकर सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महिला मोर्चा के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा के नेतृत्व में लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ कार्रवाई और जनजातीय बेटियों के साथ हुए कथित अन्याय के मामलों में हस्तक्षेप की मांग की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप गंभीर मामला है। इसके बावजूद कांग्रेस और सरकार उसे बचाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले को सामने लाने वाले पत्रकारों के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
वहीं, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि हेमंत सरकार के सत्ता में आने के बाद से राज्य में जनजातीय समुदाय पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन घटनाओं पर रोक लगाने के बजाय अपने हित साधने में लगी हुई है।
भाजपा ने राज्यपाल से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
