
रांची। झारखंड के खूंटी जिले में बिजली विभाग की लापरवाही एक हाथी की मौत का कारण बन गई। गुरुवार सुबह रनिया थाना क्षेत्र के तेतारी गांव में 11 हजार वोल्ट के झूलते बिजली तार की चपेट में आने से एक दंतैल हाथी की मौत हो गई। हाथी का शव बालिका मध्य विद्यालय के पास झाड़ियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग, पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।



ग्रामीणों के अनुसार, हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। हाथी कोयल नदी की ओर से गांव की तरफ आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में नीचे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने झाड़ियों में उसका शव देखा, जिसके बाद गांव में इसकी सूचना फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों और रनिया थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल जांच की जा रही है कि बिजली का तार नीचे कैसे झूल रहा था और हादसे की वजह क्या रही।
बिजली लाइनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद जंगलों और ग्रामीण इलाकों से गुजरने वाली बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर उन क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक है, जहां हाथियों का नियमित आवागमन रहता है। बिजली के झूलते तार वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं।
दो महीने से इलाके में घूम रहा हाथियों का झुंड
ग्रामीणों के मुताबिक, रनिया प्रखंड के जंगलों और आसपास के गांवों में पिछले करीब दो महीने से लगभग एक दर्जन हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों का यह झुंड अक्सर जंगल से निकलकर ग्रामीण इलाकों में पहुंच जाता है। इस दौरान खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ कुछ स्थानों पर घरों को भी क्षति पहुंचाने की शिकायतें सामने आई हैं। इससे ग्रामीणों में लगातार चिंता बनी हुई है।
दो महीने में सात हाथियों की मौत
झारखंड में हाथियों की मौत की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। पिछले दो महीनों के दौरान राज्य के अलग-अलग इलाकों में सात हाथियों की मौत हो चुकी है। तेतारी गांव की घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और बिजली विभाग की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

