
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मुख्यालय मोतिहारी में विजयादशमी की रात चोरों ने साईं बाबा मंदिर को निशाना बनाया। नगर थाना क्षेत्र के मिस्कॉट मोहल्ले स्थित मंदिर का ताला काटकर अंदर घुसे चोर भगवान गणेश का करीब 100 ग्राम वजनी मुकुट चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने संबंधित गश्ती टीम और बाइक गश्ती दल को निलंबित कर दिया है।



मंदिर का ताला काटकर अंदर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर दाखिल हुए। घटना के समय पुजारी मंदिर परिसर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। बुधवार सुबह पूजा की तैयारी के दौरान मंदिर में सामान की जांच करने पर भगवान गणेश का मुकुट गायब मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस संबंध में नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के मुताबिक, मंदिर में रखा साईं बाबा का चांदी का छत्र, दान पेटी और चरण पादुका सुरक्षित हैं। चोर केवल भगवान गणेश का मुकुट लेकर फरार हुए हैं।
मंदिर में ही छोड़ गए चोरी का औजार
चोरी के दौरान आरोपी अपना औजार मंदिर परिसर में ही छोड़ गए। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि औजार से जुड़े साक्ष्य आरोपियों की पहचान करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी करीब डेढ़ महीने से खराब बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस आसपास के मकानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
एसपी ने की कार्रवाई, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की ली जाएगी मदद
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने सहायक पुलिस निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व वाली गश्ती टीम और बाइक गश्ती दल को निलंबित कर दिया है। पुलिस अब चोरी के मामले की गहन जांच में जुटी है।
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, जब्त औजार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

