
रांची। एचबी रोड में रविवार रात बाइक सवार दो स्नैचरों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन छीन ली. चेन बचाने की कोशिश में महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। रांची पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग महिला एक अन्य महिला के साथ एचबी रोड में टहल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठे युवक ने मौका देखकर बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए चेन पकड़ ली और उसे बचाने का प्रयास किया. लेकिन स्नैचर ने पूरी ताकत से चेन खींच दी।



अचानक हुई इस खींचतान के कारण महिला अपना संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिर गई. गिरने से महिला को चोट लगी, जबकि बाइक सवार दोनों आरोपी चेन लेकर मौके से फरार हो गए।।
चेन स्नैचिंग की यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बाइक पर सवार दो युवक महिला को निशाना बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों तेज गति से बाइक लेकर मौके से निकल जाते हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों स्नैचरों की पहचान करने में जुटी है।

