
शामली । शामली में हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान मर्डर केस के दो मुख्य शूटर्स को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। शामली में कोतवाली क्षेत्र में राज्य पुलिस और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दोनों बदमाश ढेर हो गए। पुलिस को सुबह चार बजे सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर शामली की तरफ आ रहे थे। इस बीच पुलिस और एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान होटल राजमहल के निकट बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि दो पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दो बदमाश ढेर हो गए।



शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अंकित बालियान की जिम के बाहर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद जिले में रात के समय नाकाबंदी और सभी चौराहों पर वाहनों की अनिवार्य चेकिंग के आदेश दिए गए थे। एसपी ने बताया कि करीब 4 बजे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश एक पुलिस चेकपोस्ट से गुजरे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो रुकने के बजाय बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी और बदमाश भागने लगे।
इसी दौरान कोतवाली के एसएचओ एक पुल के पास चेकिंग कर रहे थे। बदमाश वहां पहुंचे तो उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से एसएचओ की गाड़ी का शीशा टूट गया। इसके बाद बदमाश शहर की ओर भागे। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, दूसरी टीम भी बदमाशों का पीछा करते हुए एक गली के पास पहुंची, पुलिस से घिरने के बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ में दो कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शामली के सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया। एसपी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

