
जमशेदपुर। कोल्हान क्षेत्र में शिक्षा, कौशल विकास, आदिवासी पहचान एवं विकास, खेल, दिव्यांग समावेशन तथा अन्य सामुदायिक विकास कार्यक्रमों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से टाटा स्टील फाउंडेशन और जमशेदपुर कंटीन्यूअस एनीलिंग एंड प्रोसेसिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ( जेसीएपीसीपीएल) के बीच बुधवार को तीन वर्ष के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यक्रमों की संयुक्त रूप से पहचान कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।



इस समझौते का उद्देश्य क्षेत्र की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक और टिकाऊ सामाजिक बदलाव सुनिश्चित करना है। दोनों संस्थाएं मिलकर ऐसे कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएंगी, जिनसे स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार हो और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिले।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इस साझेदारी के अंतर्गत मस्ती की पाठशाला, सबल सेंटर जमशेदपुर, प्रोजेक्ट समृद्धि, ज्योति स्कॉलरशिप, गोल्फ प्रोजेक्ट, सबल ज्ञानोदय, आईटीआई चांडिल के विद्यार्थियों के लिए प्रायोजन सहायता तथा आसपास के समुदायों के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। एमओयू हस्ताक्षर समारोह में जेकैपसीपीएल की ओर से प्रबंध निदेशक कपिल मोदी, कार्यकारी निदेशक अकिहिको तनिगुची, मुख्य वित्तीय अधिकारी प्रवीण हेगड़े, महाप्रबंधक (आॅपरेशन एंड मेंटेनेंस) किरीट डैक्सिनी, मुख्य मानव संसाधन अधिकारी विकास कुमार, कंपनी सचिव प्रशांत कुमार तथा सहायक मंडल प्रबंधक (एचआर एंड आईआर) तौसीफ इकबाल उपस्थित रहे। वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से ट्राइबल आइडेंटिटी के प्रमुख जिरेन जेवियर टोपनो, स्किल डेवलपमेंट प्रमुख कैप्टन अमिताभ, शिक्षा प्रमुख दिब्यहास रे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। समझौते पर जेकैपसीपीएल के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी और टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने हस्ताक्षर किए।
जेकैपसीपीएल के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी ने कहा कि कंपनी सतत सामुदायिक विकास के लिए अपनी कॉपोर्रेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने में टाटा स्टील फाउंडेशन की साझेदार बनकर गर्व महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में संयुक्त प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक और दीर्घकालिक बदलाव लाने का लक्ष्य है। यह साझेदारी समावेशी विकास और जिम्मेदार कॉपोर्रेट नागरिकता के प्रति दोनों संस्थाओं की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से कोल्हान क्षेत्र की समुदायों की जरूरतों और आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं मिलकर ऐसे अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी, जिससे लोगों का जीवन बेहतर हो और क्षेत्र में समावेशी एवं स्थायी विकास को बढ़ावा मिले। उन्होंने इस साझा उद्देश्य के लिए जेसीएपीसीपीएल का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह सहयोग जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम देगा।

