
रांची। डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह इलाके से लापता 11 वर्षीय नेहा टोप्पो की बरामदगी के लिए रांची पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि नेहा के संबंध में सही सूचना देने वाले को 21 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। बच्ची की तलाश को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और डोरंडा सहित आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



जानकारी के अनुसार, नेहा टोप्पो डिबडीह में अपने मौसा सुनील तिग्गा के घर रहकर पढ़ाई करती थी। वह राजकीय मध्य विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। चार फरवरी को वह घर के पास खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई।
काफी देर तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने इसकी सूचना डोरंडा थाना को दी। इसके बाद से पुलिस लगातार बच्ची की तलाश कर रही है।
नेहा के पिता सीताराम टोप्पो हरियाणा में मजदूरी करते हैं, जबकि उसकी मां गांव में ही रहती हैं। नेहा मूल रूप से गोड्डा जिले की निवासी है। उसके मौसा सुनील तिग्गा झारखंड पुलिस में सिपाही हैं। सुनील तिग्गा ने बताया कि परिवार की ओर से भी हर संभावित जगह पर बच्ची की खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नेहा के लापता होने के मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई है ताकि बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।

