
रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंत्री सुदिवय सोनू के बयान पर पलटवार किया। मरांडी ने कहा कि कल चारों ओर से जग हंसाई होने के बाद यह उम्मीद थी कि सुदिव्य सोनू को पहलगाम जैसे संवेदनशील आतंकी हमले पर व्यंग्य करने की अपनी गलती का एहसास हुआ होगा लेकिन दुर्भाग्यवश, उन्होंने बेशर्मी की सभी सीमाएं लांघ दीं और आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फिर से अपने मानसिक दिवालियापन का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि 27 पर्यटकों की निर्मम हत्या का कारण उनका हिंदू होना था। अगर सुदिव्य कुमार सच बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे, तो कम से कम उन्हें ऐसे गैरजिÞम्मेदाराना बयान देकर झारखंडवासियों को शर्मिंदा करने से बचना चाहिए।



उल्लेखनीय है कि मंत्री ने लोहरदगा में पत्रकारों के समक्ष पहलगाम हमले पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की बात कही थी। मंत्री ने शुक्रवार को रांची में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि वे अपने स्टैंड पर अब भी कायम हैं। मंत्री ने कहा कि जब जिम्मेदार व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी लेना छोड़ दे तो गैर-जिम्मेदार लोगों को ही किसी घटना की जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी और इसी संदर्भ में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम लिया था।

