
समस्तीपुर।शादी के वक्त सात फेरे लेने के दौरान पति-पत्नी एक-दूसरे का साथ निभाने का वादा करते हैं। दुनिया को अलविदा कहते हुए भी उसी वादे को समस्तीपुर के एक दंपति ने निभाया। उजियारपुर प्रखंड के बेलारी गांव में एक बुजुर्ग दंपति की अनोखी प्रेम कहानी का अंत हुआ है। 80 वर्षीय रामदेव सिंह और उनकी 74 वर्षीया पत्नी मुनेश्वरी देवी का निधन कुछ ही मिनटों के अंतराल में हुआ। पति की मृत्यु के तुरंत बाद ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।



पति की मौत के कुछ देर बाद पत्नी की मृत्यु
बेलारी गांव के रहने वाले रामदेव सिंह और मुनेश्वरी देवी की कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। पति की मृत्यु के कुछ ही देर बाद पत्नी का भी निधन हो गया, इस घटना ने सभी को भावुक कर दिया। दंपति के दो बेटे और एक बेटी हैं। दोनों बेटों ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी। ये घटना उनके अटूट प्रेम और जीवन भर साथ रहने की प्रतिज्ञा का प्रतीक बन गया है।
गांव वालों ने इस अनोखी प्रेम कहानी को देखकर इसे और भी मजबूत बताया है। दंपति के निधन के बाद ग्रामीणों ने एक साथ अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। ये दृश्य देखकर सभी की आँखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि इस दंपति ने शादी के समय एक-दूसरे के साथ सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन लिया था। यह घटना उनके उस वचन को सच करती है।

