
नयी दिल्ली । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वांचलवासियों को हनुमान की उपाधि देते हुए कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का श्रेय आप लोगों को जाता है. क्योंकि पार्टी के हनुमान बनकर आप लोगों ने जो काम किया, उसी की वजह से ये जीत नसीब हुयी। रेखा ने दिल्ली भाजपा के मुख्यालय 14 पंत मार्ग में पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बार-बार जिक्र आता है कि दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का वनवास 14 साल बाद समाप्त हो गया था, लेकिन हम सभी को 27 साल का इंतजार करना पड़ा।



दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के हर क्षेत्र में विकास और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पूरी करना हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता और विशेष कर पूर्वांचल के कार्यकर्ता और मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि अब बारी दिल्ली सरकार की है। अब भाजपा सरकार अपने किए हुए हर एक वादा को अगले पांच साल में पूरा करके दिखाएगी। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि संगठन और भाजपा सरकार मिल कर दिल्ली को विश्व का सबसे खूबसूरत शहर बनाएंगे, मुख्य काम यमुना मइया की पूर्ण सफाई और वहां छठ पूजा का आयोजन करना है। उन्होंने पूरी दिल्ली में पूर्वांचल मोर्चा और पूर्वांचल के मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इनके बिना दिल्ली में भाजपा का सरकार बनना मुश्किल था।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सत्ता में हम 27 साल बाद भले लौटे हों परन्तु ये जीत 32 साल बाद यानि 1993 के बाद हमें मिली है। कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि ये सरकार 24 घंटे दिल्ली के विकास के लिए कार्य कर रही है। सड़क, गंदे पानी, सिवर से सम्बन्धित कोई भी समस्या अगर किसी क्षेत्र में सामने आती है तो उसके लिए 24 घंटे हम कार्य करने को तैयार हैं। जल्द ही इन समस्याओं से समाधान के लिए चार डिजिट का हेल्प लाइन नंबर जारी किया जाएगा।
सभी नेताओं ने एक स्वर में दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा की मेहनत और दिल्ली में भाजपा के प्रति पूर्वांचल के वोटरों के समर्थन की सराहना की। संतोष ओझा ने कहा कि दिल्ली हो या देश का कोई भी क्षेत्र, पूर्वांचल के लोग जाति से ऊपर उठ कर सिर्फ भाजपा को अपना पूरा समर्थन दे रहे हैं। उन्हें मोदी पर पूरा भरोसा है और आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भी एनडीए 225 सीट जीत कर वहां सरकार बनाएगी। कार्यक्रम में विधायक अभय वर्मा, विधायक चंदन चौधरी, प्रदेश कार्यालय मंत्री बृजेश राय, सोशल मीडिया प्रमुख डॉ रोहित उपाध्याय मोर्चा के महामंत्री जगदम्बा सिंह, संजय तिवारी एवं विशाल चंदेल सहित प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष व लगभग 1000 कार्यकर्ता मौजूद रहे।

