
कोडरमा। जिले के मरकच्चो में आॅनर किलिंग का मामला प्रकाश में आया है, पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए, मृतका के पिता मरकच्चो थाना क्षेत्र के ब्रह्मटोली निवासी मदन पांडेय, बड़ा भाई नीतीश पांडेय और ज्योतिष कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया है, साथ ही हत्याकांड में प्रयुक्त साइकिल, बोरा, टांगी और मृतका के सिर के बाल को बरामद किया है।



गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने दी है। एसपी श्री सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मरकच्चो थाना क्षेत्र के ब्रह्मटोली में एक नाबालिग लड़की के लापता होने की जानकारी मिली थी, जिसमें नाबालिग के परिजनों द्वारा थाना में दिए आवेदन के आलोक में बीते 5 फरवरी को कांड संख्या 7/25 में मामला दर्ज किया गया। नाबालिग लड़की की बरामदगी को लेकर एसडीपीओ अनिल कु सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया, गठित टीम के द्वारा लापता नाबालिग की खोजबीन की जा रही थी, इसी बीच बीते 12 फरवरी को पंचखेरो नदी के जमुनिया घाट के किनारे बालू में एक शव गड़ा हुआ बरामद किया गया, जिसकी जांच पड़ताल के दौरान लापता नाबालिग के परिजनों से शव की पहचान कराया गया परन्तु उनके द्वारा शव को पहचानने से इंकार कर दिया। एसपी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पुलिस द्वारा लापता लड़की के घर पर नया सेफ्टी टैंक निर्माण कार्य होने पर शक के आधार पर उसके परिजनों ने बार बार विभिन्न विन्दुओं पर पूछताछ की जा रही थी, जिससे वे उलझते गए और अंत में परिजनों द्वारा लड़की की हत्या कर शव को छिपाने एवं शव को धड़ से अलग करने की बात को स्वीकार किया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के निशानदेही पर हत्या कर शव को छिपाने के लिए प्रयोग में लाये गए साइकिल ,बोरी ,टांगी को बरामद किया गया साथ ही हत्या कर शव को छिपाने के लिए प्रयोग में लाये गए सेफ्टी टैंक की पहचान कर, उससे मृतका के सिर के बाल को भी बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त मृतका के भाई ज्योतिष कुमार पांडेय ने बताया कि उसकी बहन किसी लड़के से बात करती थी, इसको लेकर मृतका को कई बार डांट फटकार किया गया और बात करने से मना किया था, बीते 2 फरवरी को उसकी बहन पुन: उस लड़के से बात कर रही थी, यह देखकर वह गुस्से में आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दिया और शव को छिपाने के नियत से सेफ्टी टैंक में गाड़ दिया। पुलिस द्वारा लगातार सक्रियता के कारण शव को बीते 10/11 फरवरी की रात्रि को सेफ्टी टैंक से निकाल कर, पंचखेरो नदी के जमुनिया घाट के किनारे ले जाकर मृतका के पिता ने सिर को शरीर से अलग कर गाड़ दिया था। एसपी ने बताया कि फिलहाल मृतका के सिर बरामद नही हुआ है, आशंका है कि जंगली जानवर सिर को खा गए होंगे, हालांकि सिर बरामदगी को लेकर पुलिस की जांच जारी है। प्रेसवार्ता में एसपी के अलावे एसडीपीओ अनिल कु सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर विनोद कुमार, मरकच्चो थाना प्रभारी सौरभ कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विशाल कु सिंह, गोविंद कु सिंह, दन मोहन शर्मा आदि मौजूद थे।

