नई दिल्ली। आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा ने शनिवार को एक साथ तीन जूता कारोबारियों के एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापा मारा। जयपुर हाउस स्थित हरमिलाप ट्रेडर्स के स्वामी रामनाथ डंग के आवास पर टीम को 60 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी मिली है। आयकर टीम के अधिकारी अभी ठिकानों पर डटे हुए हैं।

हरमिलाप ट्रेडर्स के मालिक रामनाथ डंग का घर जयपुर हाउस में है। आयकर विभाग की टीम शनिवार सुबह 11 बजे सभी ठिकानों पर पहुंची। जयपुर हाउस स्थित आवास में भी टीम पहुंच गई।आयकर विभाग की टीम ने घर में तलाशी ली।

सूत्रों का कहना है कि घर में अलग-अलग स्थानों से टीम ने 60 करोड़ रुपये बरामद कर लिए।अधिकतर नोट पांच सौ रुपये के थे। टीम में शामिल अधिकारियों ने पहले हाथों से गिनती की।इसके बाद नोट गिनने के लिए कुछ मशीनें मंगवाईं। मगर, नोट इतने अधिक थे कि ये मशीनें हांफ गईं। रात 10.30 बजे तक दस से अधिक मशीनें मंगवाई जा चुकी थीं।

सूत्रों का कहना है कि रात दस बजे तक 60 करोड़ से अधिक की रकम बरामद हो चुकी है। कारोबारी के घर में मशीनों से नोटों की गिनती जारी थी। रात 10.30 बजे लोडिंग टेंपो से टैंट हाउस के कर्मचारी गद्दे और तकिये लेकर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों और बाहर तैनात कर्मचारियों को गद्दे दे दिए गए। इसी बीच कारोबारी रामनाथ डंग गेट पर पहुंचे। गेट से बाहर झांकने के बाद उन्होंने गेट बंद कर लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version