
रांची। झारखंड की 43 विधानसभा सीटों पर बुधधार की सुबह 10 बजे तक 19 प्रतिशत मतदान हुआ है। विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में रांची जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में मतदान जारी है। यहां सुबह 10 बजे तक 18.06 प्रतिशत मतदान हुआ है। जबकि विधानसभावार रांची में 17.05 प्रतिशत, हटिया में 18.3 प्रतिशत, कांके में 17.95 प्रतिशत और मांडर में 19.85 प्रतिशत मतदान हुआ है।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया सुबह 10:30 बजे तक प्रथम चरण का मतदान प्रतिशत रहा 19.04 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने बताया कि झारखंड में सुबह सात बजे से वोट डालने को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले दो घंटे में सबसे अधिक 21.09 प्रतिशत सिमडेगा जिले में और सबसे कम 14.25 प्रतिशत पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदान की खबर है।
उन्होंने बताया कि पहले दो घंटे में विभिन्न जिलों में मतदान प्रतिशत इस तरह रहा है चतरा-15.21 प्रतिशत, पूर्वी सिंहभूम-13.25 प्रतिशत, गढ़वा-15.41 प्रतिशत,गुमला-15.03प्रतिशत, हजारीबाग-16.20 प्रतिशत,खूंटी 17.37 प्रतिशत, कोडरमा 18.97 प्रतिशत, लातेहार-17.80 प्रतिशत, लोहरदगा-18.97 प्रतिशत, पलामू-16.84 प्रतिशत, रामगढ़-18.37 प्रतिशत, रांची-17.06 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां-18.62, सिमडेगा-19.09 प्रतिशत, पश्चिमी सिंहभूम-18.80 प्रतिशत रहा है।
वहीं, राजधानी रांची के सभी मतदान केद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी हुई है। मतदान केद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता और कड़े इंतजाम किए गए हैं।
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के श्री कृष्ण प्रशासनिक सेवा संस्थान में स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मतदाता मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लें। अपने मताधिकार का सही से प्रयोग करना हम सबका कर्तव्य है। राज्यपाल ने कहा कि आप सभी ने देखा होगा कि जम्मू-कश्मीर में अधिक से अधिक संख्या में लोगों ने मतदान किया। इसी तरह झारखंड के मतदाता भी पहले मतदान करें, उसके बाद दूसरा काम करें।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार जैसे ही मतदान केंद्र पर पहुंचे, झारखंड के पारंपरिक रीति रिवाज के अनुसार सबसे पहले उनका स्वागत किया गया। स्थानीय महिलाओं ने मांदर की थाप पर गीत-नृत्य करते हुए उनका स्वागत किया। मतदान करने के बाद उन्होंने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीर भी खिंचवाई।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में अपील की, “झारखंड विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट देने जा रहे अपने सभी युवा साथियों को मेरी बहुत-बहुत बधाई! याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान! झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के तहत 43 सीटों पर बुधवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। कई बड़ी हस्तियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और विभिन्न सीटों पर प्रत्याशियों ने अपने-अपने बूथों पर सुबह-सुबह मतदान किया है।
ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास पूर्वी जमशेदपुर क्षेत्र में मतदान केंद्र पर अपने परिवार के सदस्यों के साथ वोट डालने पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “लोकतंत्र के महापर्व में जो मतदाता का फर्ज होता है मतदान करना, उसी के तहत आज मैंने अपने परिवार के साथ मतदान करके अपने कर्तव्य का निर्वाह किया है। मैं समस्त झारखंड वासियों से अपील करता हूं कि अपने परिवार के साथ अपने मत का उपयोग जरूर करें और आस-पास के लोगों को भी प्रेरित करें ताकि हमारा लोकतंत्र और मजबूत हो।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने खरसावां विधानसभा क्षेत्र में अपने बूथ पर मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, ह्यमैंने राज्य को उज्जवल भविष्य की ओर ले जाने के लिए वोट किया है, मुझे उम्मीद है कि खरसावां की जनता भी इसी तरह वोट करेगी। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने भी रांची के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद स्याही लगी अंगुली दिखाते हुए सभी लोगों से मतदान की अपील की।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और रांची के भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह, झामुमो की प्रत्याशी और राज्यसभा की सांसद डॉ महुआ माजी ने सुबह में अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर वोट डाले। कोडरमा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री डॉ नीरा यादव अपने परिवार के साथ इंदरवा झरीटांड़ स्थित बूथ संख्या 239 पर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मताधिकार के इस्तेमाल को लेकर वोटरों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहरी इलाकों की तुलना में ग्रामीण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बूथों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
पहले चरण के तहत हो रहे चुनाव में 43 सीटों पर कुल मिलाकर 15 हजार 344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 1.37 करोड़ मतदाता 683 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम पर लिखेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 68.73 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या 68.36 लाख है। थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 303 है। 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या 6.51 लाख है।
