
रांची। बिहार एसटीएफ और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने रांची में छिपकर रह रहे पटना के दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बरियातू थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में दोनों अपराधी किराएदार के रूप में रह रहे थे। 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी विशाल कुमार सिंह और छोटू प्रिंस उर्फ प्रिंस दोनों लंबे समय से फरार थे और पहचान छिपाकर रांची में ठिकाना बनाए हुए थे। गर्दनीबाग के यारपुर निवासी विशाल के खिलाफ पटना में डकैती के तीन मामले दर्ज हैं। जनवरी 2019 में पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के लोटस अपार्टमेंट में हुई डकैती में उसकी संलिप्तता सामने आई थी। अपराधियों ने हथियार के बल पर फ्लैट से करीब 30 लाख रुपये के आभूषण और नकदी लूट ली थी। पुलिस जांच में नाम सामने आने के बाद से वह फरार चल रहा था।
बैंक मैनेजर के घर डकैती में था शामिल: पुलिस के अनुसार, वर्ष 2005 में गर्दनीबाग में एसबीआई के बैंक मैनेजर के घर हुई डकैती के दौरान महिला और दो बच्चों की हत्या के मामले में भी विशाल की संलिप्तता सामने आई थी। वहीं, सुलतानगंज के चौधरी टोला निवासी छोटू प्रिंस दिल्ली में वांछित था। उसके खिलाफ बिहार और दिल्ली के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और हथियार से जुड़े करीब 15 मामले दर्ज हैं।
वर्ष 2019 में अगमकुआं में ज्वेलर्स दुकान में डकैती के दौरान महिला को गोली मारने की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। उनके गिरोह के अन्य सदस्यों, ठिकानों, हथियारों और फरारी के दौरान की गई वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

