
पटना। कटिहार जिले के विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स और नवाचार के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से नीति आयोग, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित जिलाधिकारी छात्र संवाद के तहत रोबोशाला कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी कोढ़ा प्रखंड स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सादलपुर कला पहुंचे। इस दौरान डीएम ने विद्यालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक प्रयोगशाला कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया और छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।



कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को आधुनिक तकनीक, कोडिंग, रोबोटिक्स तथा विज्ञान व प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों से रूबरू कराना है। डीएम ने कहा कि रोबोशाला के माध्यम से विद्यार्थियों में तार्किक सोच, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। यह पहल बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने और भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी दक्षता निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
छात्र संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे नई तकनीकों को समझें, उनके साथ प्रयोग करें और नवाचार आधारित गतिविधियों में खुलकर भाग लें। तकनीकी शिक्षा से जुड़ने पर बच्चों की जिज्ञासा बढ़ती है और सीखने की पूरी प्रक्रिया कहीं अधिक रोचक और असरदार हो जाती है।
जिला प्रशासन के अनुसार, कटिहार में सरकारी स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में यह एक प्रभावी और दूरगामी पहल साबित होगी।

