
रांची। राजधानी रांची सहित राज्य के 17 जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग की ओर से जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें 28 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा एवं इससे सटे हुए जिले शामिल हैं।
वहीं, 29 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी एवं मध्यवर्ती जिले रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के अलावा उत्तर-पश्चिमी जिले पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 34 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 13.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। वहीं सुबह में ठंड और दिन में हल्की गर्मी और उमस महसूस की गई।
विभाग के अनुसार शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.6 और न्यूनतम 17.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 29.5 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
