सिवान। जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत । घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीम सक्रिय हो गई है। 23 अक्टूबर को हुए विस्फोट की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटनास्थल पर जिला प्रशासन, अग्निशमन, बिजली विभाग, डॉग स्क्वाड और मेडिकल टीम को बुलाया गया। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच की जिम्मेदारी सीआइ महाराजगंज को सौंपी गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। थाना स्तर पर लापरवाही के आरोप में जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल टीम ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटनास्थल पर लगातार जांच और साक्ष्य संकलन का काम चल रहा है। पुलिस ने कहा है कि मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध होने पर आगे का अपडेट जारी किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version