रांची। झारखंड में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त माह में कुल वर्षा सामान्य से कम रहने का अनुमान है, लेकिन बीच-बीच में सक्रिय होने वाली मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। जुलाई महीने में राज्य में सामान्य से बेहतर वर्षा दर्ज की गई थी।

विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 अगस्त को हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो सहित उत्तर-पश्चिमी एवं मध्यवर्ती जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी वर्षा की गतिविधियां तेज रहेंगी।

6 अगस्त को हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 43.2 मिलीमीटर वर्षा हजारीबाग डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई। इसी अवधि में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज हुआ।

रविवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बनी रही। रांची का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बोकारो और चाईबासा में भी गर्मी और उमस का असर देखने को मिला।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version