
नई दिल्ली। भाजपा सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। आगामी दिनों में होने वाली तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस संबंध में प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। राजस्थान पंचायती राज अधिनियम में संशोधन को मंजूरी मिलने के बाद महिलाओं के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं बढ़ गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल सरकार को सत्ता में आए हुए 6 महीने पूरे होने को हैं। अपने छह महीने के कार्यकाल में ही उन्होंने महिलाओं के लिए सरकारी नौकरी के द्वार खोल दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ने से महिलाएं आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकेंगी।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के करीब 27 हजार पद खाली पड़े हैं। अब तक महिला अभ्यर्थियों को 30 फीसदी आरक्षण मिल रहा था। बजट में राज्य सरकार की ओर से शिक्षक भर्ती की बड़ी घोषणा होना भी संभव है। उसी नई भर्ती में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा क्योंकि भर्ती आने से पहले ही सरकार ने महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस बार की भर्ती में बड़ी संख्या में महिलाएं शिक्षिकाएं बनेंगी।
