जांजगीर-चांपा:  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुसलमानों पर उनकी “टिप्पणी” के लिए आलोचना की और पूछा कि केवल अल्पसंख्यक समुदाय को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से गुमराह न होने का आग्रह किया।

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा गरीबों के कल्याण के लिए नहीं बल्कि उनके अधिकारों को छीनने के लिए चार सौ से अधिक सीट जीतना चाहती है। यह रैली जांजगीर-चांपा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी शिवकुमार डहरिया के समर्थन में थी।

उन्होंने कहा, ”हम (लोकसभा चुनाव में) बहुमत की ओर बढ़ रहे हैं, जिसके कारण वह (मोदी) अब ‘मंगलसूत्र’ और मुसलमानों के बारे में बात करते हैं। वह कहते हैं कि हम आपकी संपत्ति चुरा लेंगे और उन लोगों को दे देंगे जिनके अधिक बच्चे हैं। क्या अधिक बच्चे केवल मुसलमानों के होते हैं । गरीब लोगों के भी अधिक बच्चे होते हैं।”

खरगे ने कहा, ”मेरे पांच बच्चे हैं। मैं इकलौता बेटा था। मेरी मां, बहन और चाचा की मृत्यु हो गई। एक बार मेरा घर जला दिया गया था। मैं इस पर नहीं जाऊंगा कि क्यों जलाया गया। (मेरे परिवार में) सभी लोग जल गए और मर गये। केवल मैं और मेरे पिता ही बचे थे। मेरे पिता ने मुझे बताया कि मैं उनका इकलौता बेटा हूं और वह मेरे बच्चों को देखना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा, ”गरीब लोगों के पास संतानें होती हैं क्योंकि उनके पास धन नहीं होता। लेकिन आप (मोदी) केवल मुसलमानों के बारे में ही क्यों बात करते रहते हैं। मुसलमान अपनी जगह हैं और इसी देश के हैं।”

कांग्रेस नेता ने कहा, ”भाइयो (सभा को संबोधित करते हुए) गुमराह मत होइए, हमें देश बनाना है और सबको साथ लेकर चलना है, उनकी तरह तोड़-फोड़ कर नहीं।”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version