
काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू में बीते दिनों भड़के हिंसक प्रदर्शनों के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं। गुरुवार को सेना ने बताया कि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच बातचीत का दौर चल रहा है, जिसमें देश के लिए नए अंतरिम प्रधानमंत्री के चयन पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।
सेना के प्रवक्ता राजा राम बस्नेत ने बताया कि “प्रारंभिक बातचीत शुरू हो चुकी है और आज भी जारी रहेगी। हमारा प्रयास है कि हालात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा सके।”
30 लोगों की मौत, हजार से अधिक घायल
नेपाल के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, प्रदर्शनों में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,033 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में कर्फ्यू जैसे निषेधाज्ञा आदेश लागू हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएँ सुचारु रूप से जारी हैं।