हाजीपुर। वैशाली जिला अंतर्गत लालगंज प्रखंड में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच रिंग बांध में रिसाव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। यूसुफपुर पंचायत के पीरापुर स्थित वार्ड-5 के विभिन्न स्थानों पर रिंग बांध में रिसाव एवं कटाव की सूचना पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह स्वयं पूरी रात मौके पर डटी रहीं।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात रिसाव की सूचना मिलते ही डीएम वर्षा सिंह तत्काल स्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पूरी रात वहीं रुक कर अपनी निगरानी में रिसाव एवं कटाव को नियंत्रित करने तथा रिंग बांध को सुदृढ़ करने का कार्य तेज गति से कराया। प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराते हुए लगभग सुबह 4 बजे तक आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य पूरा कराया गया, जिससे प्रभावित स्थलों को नियंत्रित और सुरक्षित किया जा सका। गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि और कटाव की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।

मुख्य बांध के सुदृढ़ीकरण की मॉनिटरिंग भी जिलाधिकारी द्वारा लगातार की जा रही है। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी टीमों को रिंग बांध की स्थिति पर सतत नजर बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version