रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सिंहपोखरिया के पास गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा की जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि गीता बालमुचू अपनी कार से चाईबासा की ओर आ रही थीं। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक इनोवा गाड़ी को बचाने के प्रयास में उन्होंने कार को अचानक वाहन मोड़ दिया। वाहन की गति अधिक होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में गीता बालमुचू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और साथ में मौजूद कार्यकतार्ओं ने उन्हें वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि उनके सिर में गंभीर चोट लगी है और चेहरे पर भी गहरे जख्म हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनका सीटी स्कैन कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही अंदरूनी चोट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। डॉक्टरों ने संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया जा सकता है।

घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक सदर अस्पताल पहुंच गए। जिला प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद रहे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सामने से आ रही इनोवा के चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version