रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम पड़ाव पर मंगलवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे। इस मौके पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक खास सेल्फी शेयर कर उनका स्वागत किया। मेलोनी ने फोटो के साथ लिख, “Welcome to Rome, my friend!” यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

IMEC कॉरिडोर पर होगी बातचीत
पीएम मोदी ने भी इटली पहुंचने के बाद X पर पोस्ट कर कहा कि वह राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला व प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ मुलाकात करेंगे और कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और इटली के बीच सहयोग को और मजबूत करना है। खास तौर पर भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (IMEC) को लेकर बातचीत पर नजर रहेगी। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का दौरा करेंगे। इससे वैश्विक खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में भारत की प्रतिबद्धता को मजबूती मिलेगी।

भारत-इटली रिश्तों को नई मजबूती देगा पीएम का दौरा
मंगलवार को रोम पहुंचे पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो तजानी ने भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर इटली दौरे पर पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और इटली के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने के उद्देश्य से हो रही है। यह दौरा ‘संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029’ के तहत दोनों देशों के सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। भारत और इटली रक्षा, व्यापार, तकनीक और अन्य कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर लगातार काम कर रहे हैं।

क्विरिनाले पैलेस में होगी इटली के राष्ट्रपति से मुलाकात
पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए रोम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वह पियाजा डेला रिपब्लिका में अनंतारा होटल में रुकेंगे। राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से उनकी मुलाकात क्विरिनाले पैलेस में होगी, जबकि पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच शिखर बैठक विला पैम्फिली में आयोजित की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version