
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी और दिल्ली में बैठकें हो रही थीं। ऐसे में बातचीत के बीच लखनऊ से उम्मीदवारों की घोषणा करना गठबंधन की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सपा से 26 सीटें मांगी ही नहीं थीं और उनकी पार्टी भिखारी नहीं है।इमरान मसूद ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि एक तरफ गठबंधन की बातचीत की जा रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों की घोषणा हो रही है। यह तरीका गठबंधन के लिए उचित नहीं है। इस घटनाक्रम से उन्हें ठेस पहुंची है। उनकी पार्टी अब इस पर आंतरिक चर्चा करेगी कि आगे बातचीत जारी रखनी है या नहीं। इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी ही करेगी।मसूद ने कहा कि सपा ने 26 सीटों का प्रस्ताव देने और उन सीटों पर कांग्रेस के कम वोट मिलने का तर्क दिया है। क्या कांग्रेस को यह पूछने का अधिकार नहीं है कि सपा को किन सीटों पर कितने वोट मिले थे। मसूद ने कहा कि कांग्रेस ने न तो 26 सीटें मांगी थीं और न ही किसी खास सीट को देने का आग्रह किया था। इसके बावजूद उन सीटों की घोषणा कर दी गई, जिनकी मांग कांग्रेस ने की ही नहीं थी।उन्होंने कहा कि गठबंधन को गंभीरता और आपसी भरोसे के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए। कांग्रेस का लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराना है और पार्टी अपने नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इस दिशा में प्रतिबद्ध है। मसूद ने कहा कि सपा को तय करना चाहिए कि वह भाजपा से मुकाबला करना चाहती है या कांग्रेस से। यदि यही तरीका है तो सपा सभी 400 से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दे। मसूद ने कहा कि उन्हें किसी की राय से आपत्ति नहीं है। वह अपनी पार्टी को मजबूत करने और अपने नेता के रुख के साथ खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।सपा ने जिन पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, उसमें सहारनपुर जिले की बेहट सीट से उमर अली खान और सहारनपुर सीट से आशु मलिक को फिर उम्मीदवार बनाया गया है। शामली जिले की कैराना सीट से नाहिद हसन और अमरोहा सीट से महबूब अली को भी दोबारा मौका दिया गया है। वहीं, ललितपुर सीट से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची में चार मौजूदा विधायक हैं, जबकि ज्योति लोधी पार्टी की पूर्व जिला अध्यक्ष हैं।




