
तेहरान । ईरान की सेना ने आशंका जताई है कि उनके देश के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के हमले फिर शुरू हो सकते हैं। सेना ने यह भी कहा है कि “सबूत दिखाते हैं कि अमेरिका किसी भी समझौते या संधि के प्रति प्रतिबद्ध नहीं है।” यह बयान तब आया है, जब एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई पर विचार के लिए बैठक की है। ट्रंप ने पहले भी कई बार ईरान को चेतावनी देते हुए युद्धविराम जारी रखने और होर्मुज जलडमरूदध्य को खोलने को कहा है। हालांकि, ईरान होर्मुज को खोलने को तैयार नहीं है।
ईरानी सैन्य मुख्यालय के उप-प्रमुख मोहम्मद जाफर असादी ने ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में कहा, “अमेरिकी अधिकारियों के कार्य और बयान मुख्य रूप से मीडिया-प्रेरित हैं, जिनका पहला उद्देश्य तेल की कीमतों में गिरावट को रोकना और दूसरा, उस गड़बड़ी से खुद को बाहर निकालना है जो उन्होंने खुद पैदा की है।” उन्होंने आगे कहा, “सशस्त्र बल अमेरिकियों की किसी भी नई हिमाकत या मूर्खता का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।”
