वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताया है। ट्रंप ने दावा किया कि इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान के दौरान कथित तौर पर को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की।

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस घटना को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से लंबी बातचीत की थी। हालांकि, उन्होंने कई बार यह स्पष्ट किया कि उन्हें मिली जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

ट्रंप के मुताबिक, उन्हें बताया गया कि को-पायलट संभवतः आतंकवादी था या फिर मानसिक रूप से असामान्य व्यवहार कर रहा था और उसने पायलट पर हमला किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की सूझबूझ दिखाई और मदद के लिए आवाज लगाई। ट्रंप ने इसी वजह से उन्हें ‘हीरो’ बताया।

ट्रंप ने आगे दावा किया कि विमान तेजी से नीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान आगे बैठे एक इजरायली यात्री ने कॉकपिट से आ रही आवाज सुनी और वहां पहुंचकर कथित हमलावर को पीछे हटाया। इसके बाद अन्य यात्रियों ने उसे काबू कर लिया।

ट्रंप ने यह भी कहा कि उस यात्री ने पहले कभी विमान नहीं उड़ाया था, लेकिन उसने विमान का नियंत्रण संभालने में मदद की। उनके अनुसार, बाद में दूसरे पायलट और सुरक्षा कर्मियों ने कॉकपिट में पहुंचकर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस पूरी घटना को बेहद असामान्य बताते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिली है, लेकिन वह इसकी सच्चाई की पुष्टि नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि को-पायलट का विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का इरादा था या नहीं, इस बारे में भी अभी पक्की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

बताया गया है कि फ्लाईदुबई की यह उड़ान बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही थी। कॉकपिट में कथित हिंसक घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। घायल पायलट की पहचान भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छार के रूप में हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version