
ढाका। बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को बुधवार देर रात निशाना बनाते हुए आग लगा दी गई। हालांकि, पुलिस की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, गोपालगंज में भी एक सांसद के आवास पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना हुई। इन घटनाओं के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



बांग्लादेशी अखबार ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, चटगांव के पंचलैश इलाके में स्थित मुहम्मद यूनुस के पैतृक आवास के भूतल पर बने एक खाली कमरे में रात करीब 11:30 बजे आग लगाई गई। पंचलैश थाने के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घर के आसपास पुलिस की नियमित गश्त जारी थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर भूतल के एक खाली कमरे में लगी आग पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तुरंत इमारत के अंदर पहुंचकर आग बुझा दी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इमारत के भूतल पर कोई नहीं रहता है। घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। साथ ही, एहतियात के तौर पर घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बताया गया है कि इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर प्रोफेसर यूनुस के दो भाइयों के परिवार रहते हैं।
सांसद के आवास पर भी हमला और आगजनी
इस बीच, न्यूज एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, गोपालगंज में बुधवार रात गोपालगंज-2 के सांसद केएम बाबर के आवास पर भी हिंसक हमला किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, अवामी लीग के कथित समर्थकों ने ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाते हुए सांसद के घर के मुख्य द्वार में आग लगा दी और परिसर में जमकर तोड़फोड़ की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले कच्चे बम विस्फोट किए और इसके बाद पत्थरबाजी तथा लाठियों से खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। फिर वे इमारत के अंदर घुस गए और सांसद के निजी कार्यालय में तोड़फोड़ की।
अस्पताल में मरीजों के बीच मची अफरा-तफरी
सांसद के आवास पर हुई घटना का असर इमारत की ऊपरी मंजिल पर संचालित आराफ क्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर पर भी पड़ा। वहां मौजूद गर्भवती महिलाओं, हाल ही में सिजेरियन ऑपरेशन कराने वाली माताओं, नवजात बच्चों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सभी को जल्दबाजी में अस्पताल से बाहर निकलना पड़ा।
रिपोर्ट के अनुसार, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए हमलावरों ने खुद ही आग बुझा दी। घटना की सूचना मिलने के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

