
खूंटी। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत खूंटी और तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का तबादला किया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में डीएसपी के रूप में तैनात मंगल सिंह जमुदा को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खूंटी के पद पर स्थापित किया गया है, जबकि पुलिस उपाधीक्षक के रूप में नव प्रोन्नत विजय कुमार सिंह को तोरपा का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है।



तोरपा के निवर्तमान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा को खूंटी में ही एएसपी अभियान के तौर पर पदस्थापित किया गया है। खूंटी के निवर्तमान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक को गोड्डा जिले के महागामा का अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है।

