
खूंटी। सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की खूंटी जिला इकाई ने विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को अभाविप कार्यकर्ताओं ने खूंटी के भगत सिंह चौक पर विधायक भूषण बाड़ा का पुतला दहन कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।



प्रदर्शन के दौरान अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि जनप्रतिनिधि पर इस तरह के गंभीर आरोप सामने आना चिंताजनक है। यह मामला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पद या प्रभाव के आधार पर कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता।
अभाविप ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और जांच प्रक्रिया को किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त रखने की अपील की। परिषद ने कहा कि यदि जांच में आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित विधायक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। अभाविप कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों की सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। परिषद ने चेतावनी दी कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होने पर विद्यार्थी और युवा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे। मौके पर अनीश महतो, कर्मवीर महतो, अमित महतो, अनुराज बरदियार मौजूद थे।

