रांची। झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 का आयोजन रविवार और सोमवार को किया जाएगा। वहीं रविवार को जतरा कार्यक्रम निर्धारित है। जतरा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहनों के परिचालन और पार्किंग को लेकर विशेष व्यवस्था जारी की है।

पुलिस अधीक्षक यातायात की ओर से जारी परामर्श के अनुसार रविवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ तथा एसएसपी आवास से बापू वाटिका, मोराबादी तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं किया जा सकेगा।

जतरा कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोराबादी को पार्किंग स्थल बनाया गया है। खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ तथा रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से आने वाले वाहन कांके रिंग रोड, चांदनी चौक और राम मंदिर होते हुए पार्किंग स्थल तक पहुंच सकते हैं।

वहीं धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा आदि शहर के क्षेत्रों से आने वाले वाहन न्यू मार्केट चौक, हाटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक अथवा रेडियम चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़, हाटलिप्स चौक और सिद्धू-कान्हू मोड़ होते हुए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।

बोड़यो रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टीआरआई मैदान (मंदिर मैदान) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की ओर से आने वाले वाहन डीआईजी मैदान, बरियातू में पार्क कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी कम समय के लिए वाहनों का रूट डायवर्ट या परिचालन रोका जा सकता है।

पुलिस ने रांची शहर के नागरिकों से अपील की है कि रविवार को जेल चौक से करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोराबादी के आसपास के मार्गों पर चारपहिया वाहनों का उपयोग नहीं करें। विशेष परिस्थिति में ही चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version